अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं/दातागंज।
एक युवक ने मानसिक मंदित किशोरी से दुष्कर्म किया। किशोरी के चीखने पर गांव वाले मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गया। पीड़ित के परिवारीजनों ने दातागंज थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आरोप है कि एसओ रेप के बजाय छेड़छाड़ की तहरीर देने को कह रहे हैं। सोमवार को पीड़ित पक्ष के लोग एसएसपी से मिले और इंसाफ की गुहार लगाई। दातागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय मानसिक मंदित किशोरी शनिवार शाम खेत में बकरी चराने गई थी। आरोप था कि यहां गांव का रहने वाला युवक पहुंचा और किशोरी के मुंह पर कपड़ा बांधकर उसके साथ बाजरे के खेत में रेप किया। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहें गांव वाले पहुंचे इस बीच आरोपी फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना स्थल पर यूपी-100 पहुंची थी। उसके बाद भी दातागंज एसओ रेप के मामले को छेड़छाड़ में दर्ज कराने की बात कर रहा है। दो दिन बाद भी किशोरी का मेडिकल नहीं कराया गया। कप्तान के यहां से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।