अधिवक्ता और चेयरमैन पुत्र विवाद में दोनों ओर से मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान। अधिवक्ता और चेयरमैन पुत्र के बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने बुधवार को दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
मंगलवार की शाम करीब चार बजे अधिवक्ता रविंद्र प्रताप सिंह यादव और चेयरमैन हाजी नूरउद्दीन के पुत्र फैसल के बीच बाइक के ऐवरेज को लेकर पहले कहासुनी और फिर मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्षों के चोटें आई थीं। अधिवक्ता रविंद्र प्रताप सिंह ने चेयरमैन के पुत्र, भतीजे और तीन अज्ञात के खिलाफ पर जानलेवा हमला, दो हजार रुपये और दो मोबाइल छीन लेने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। वहीं चेयरमैन के पुत्र फैसल ने अधिवक्ता रविंद्र प्रताप सिंह और उसके भाई भानु यादव और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ 5500 रुपये की नकदी, घड़ी और मोबाइल छीन लेने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। दोनों ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घटना की जांच की। इधर, बुधवार की सुबह तक मुकदमा दर्ज न होने पर अधिवक्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर नाराजगी व्यक्त की। वहीं चेयरमैन पक्ष ने भी मुकदमा दर्ज करने का प्रयास किया। अधिवक्ताओं की नाराजगी और चेयरमैन पक्ष के प्रयास के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों तहरीरों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।