रामगंगा के पास कार
ट्रक से भिड़ी, दो मरे
बरेली से जरसैनी के प्रधान की शादी से लौट रहे थे
अमर उजाला ब्यूरो
बिल्सी (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव जरसैनी के ग्राम प्रधान पवित्र उपाध्याय की शादी समारोह से वापस लौट रही कार बरेली में रामगंगा के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। इससे कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गए। इनका उपचार बरेली में चल रहा है।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर निवासी शेर बहादुर (32) पुत्र गंगाचरन यादव आल्टो कार से गांव जरसैनी के ग्राम प्रधान पवित्र उपाध्याय की शादी समारोह में शामिल होने के लिए बरेली गए थे। कार में गांव बादशाहपुर के ही विनोद कुमार पुत्र धानसिंह, गोविंद पुत्र लायक सिंह, लालाराम पुत्र साधूराम एवं सतीश चंद्र पुत्र श्योराज सिंह भी बैठे थे। वापसी में उनकी कार रामगंगा के पुल से थोड़ी दूर ही निकली होगी। विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से उनकी कार टकरा गई। इसमें चालक शेर बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल हुए विनोद कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी तीन लोगों का बरेली में इलाज चल रहा है। एक गांव के दो युवकों के मरने की खबर से गांव में कोहराम मच गया। अब तक मृतकों के शव गांव नहीं पहुंचे हैं।