दोस्त के साथ नाधा में दावत खाने निकले एक व्यापारी का शव रोड किनारे पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टर ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया। घायल दो लोगों का इलाज चल रहा है। मृतक की पत्नी ने साथ ले गए दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस इसे हादसा बता रही है।
घटना शुक्रवार देर रात सहसवान इस्लामनगर मार्ग के गांव शिकारपुर और भमौरी के बीच हुई। मोहल्ला नसरूल्लागंज की रहने वाली रूचि माहेश्वरी ने बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे गांव रसूलपुर बेला का रहने वाले दो लोग घर से पति अनूप माहेश्वरी को नाधा गांव में दावत खिलाने की बात कहकर अपने साथ बाइक से ले गए थे। देर रात पुलिस ने परिवार वालों को जानकारी दी कि अनूप और उसके साथा सड़क दुर्घटना में घायल है, सभी को सहसवान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया जा रहा है। सूचना पर घायलों के परिवार वाले अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया। घायल संजय और गजेंद्र का इलाज जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक की पत्नी ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं कोतवाली प्रभारी आरपी शर्मा का कहना है गश्त के दौरान बाइक सवार अनूप माहेश्वरी, संजय और गजेंद्र रोड पर घायल अवस्था में पड़ें मिले थे। उन्हें सीएचसी ले जाया गया। जहां अनूप को मृत घोषित कर दिया। एसओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। मृतक अनूप अपने परिवार का अकेला चिराग था। उसके पिता अखिलेश का पहले ही देहांत हो चुका है। मृतक अपने पीछे पत्नी रुचि और पांच वर्ष और ढाई माह के बेटों और मां को रोता बिलखता छोड़कर चला गया है।