बदायूं। अलापुर कस्बे में शनिवार रात मिला शव पड़ौआ के राजमिस्त्री धर्मेंद्र का निकला। पुलिस ने रविवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया। घर लौटते समय परिवार वालों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बमुश्किल समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
राजमिस्त्री धर्मेंद्र सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव पड़ौआ का निवासी था। उसके भाई पप्पू ने बताया कि धर्मेंद्र रविवार सुबह कुलचौरा में एक मकान बनाने गया था। उसने काम शुरू ही किया था कि कुलचौरा का एक व्यक्ति उसे बुलाकर कहीं ले गया। रात साढ़े नौ बजे धर्मेंद्र का शव अलापुर कस्बे में काजी पेट्रोल पंप के सामने पड़ा मिला था। पुलिस के मुताबिक वहां एक और युवक पड़ा था। वह काफी नशे में था। उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया था। देर रात राजमिस्त्री के शव की पहचान हो पाई। इससे रविवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर में चोट लगने से मौत बताई गई है।
इधर परिवार वाले पोस्टमार्टम हाउस से राजमिस्त्री के शव को लेकर पड़ौआ जा रहे थे। तभी उन्होंने पड़ौआ के नजदीक सड़क पर उसका शव रखकर हंगामा करना शुरू करा दिया। इससे कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। इसकी सूचना पर सीओ सिटी आलोक मिश्रा, सिविल लाइंस इंस्पेक्टर राजेश कुमार पहुंच गए। उन्होंने समझा बुझाकर परिवार वालों को शांत किया। सीओ ने परिवार वालों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।