बदायूं। शहर कोतवाली में तैनात महिला कांस्टेबल ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि पति बुलेट मोटर साइकिल और जमीन खरीदने को 30 लाख रुपये मांग रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी विवेचना शुरू कर दी है।
महिला कांस्टेबल सोनी पुत्री वेदप्रकाश सिंह बिजनौर जिले में चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर की रहने वाली है। सोनी के मुताबिक वह शहर कोतवाली में तैनात है। इस समय वह 180 दिन के अवकाश पर है। उसकी शादी 14 जनवरी 2021 को बिजनौर जिले में ही हल्दौर थाना क्षेत्र के कस्बा झालू निवासी हिमांशु चौधरी उर्फ सचिन के साथ हुई थी। उसकी शादी में करीब 18 लाख रुपये खर्च हुए थे। पिता ने सोने-चांदी के जेवर, बर्तन, कपड़ों समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान दिया था। शादी के एक सप्ताह बाद ही हिमांशु ने एक बुलेट मोटर साइकिल की मांग की। उसके ससुर देवेंद्र सिंह, सास सर्वेश, जेठ नीरज उर्फ मोहित, जेठानी विशाखा, ननद अंशू उर्फ अंजना ने जमीन खरीदने को 30 लाख रुपये मांगे। उसकी नौकरी पर बैंक से लोन लेने का दबाव बनाया गया। वह जब भी ससुराल जाती तो उससे अभद्र व्यवहार किया जाता था।
आरोप है कि उसका पति हरियाणा में प्राइवेट जॉब करता था। वह अपनी नौकरी छोड़कर बदायूं आ गया। यहां आकर उसने मारपीट शुरू कर दी। वह आठ माह की गर्भवती थी। तब उसके ऊपर तमंचे से फायर भी किया लेकिन वह बच गई। उसका जेठ सेना में है। वह भी लगातार उसे धमकी दे रहा था। छह नवंबर 2021 को उसके सारे जेवर छीन लिए गए। उसे घर से निकाल दिया गया। शादी कराने वाला बिचौलिया दीपक भी उन्हीं की ओर हो गया। जब उसकी बेटी ने जन्म लिया तो ससुराल वाले और विरोध में हो गए। उस पर नौकरी छोड़कर आने का दबाव बनाया गया। जब सारे रास्ते बंद हो गए तो उसने सिविल लाइंस थाने में पति, सास-ससुर, जेठ- जेठानी, ननद समेत एक बिचौलिये पर एफआईआर दर्ज कराई है।