दातागंज। सर्व यूपी प्रथमा ग्रामीण बैंक के तीन खाताधारकों के बैंक खातों से 52 हजार छह सौ रुपये साफ हो गए। किसानों को इस बारे में पता लगा तो उनकी शिकायत पर बैंक ने जांच शुरू करा दी है। किसानों का कहना है कि किसी भी प्रकार से इन दिनों उन्होंने बैंक से कोई लेन-देन नहीं किया, इसके बाद भी रुपये निकल गए।
दातागंज के गांव सादुल्लागंज के भूपेंद्र सिंह, भोले सिंह और कल्लू सिंह के सर्व यूपी प्रथमा ग्रामीण बैंक की समरेर शाखा में बैंक खाते है। भूपेंद्र सिंह के खाते से 11 और 12 अगस्त को 40 हजार रुपये और उनके भाई भोले सिंह के खाते से दस हजार रुपये निकल गए। गांव के ही कल्लू सिंह के खाते से भी दो हजार छह सौ रुपये निकले। खाते से रुपये निकलने की जानकारी होने पर इन लोगों ने बैंक से संपर्क किया।
आरोप है कि पहले तो कई दिनों तक किसानों को टरकाया गया, लेकिन बाद में उनकी शिकायत दर्ज कर ली गई। किसानों का कहना है कि उन्होंने बैंक या आधार कार्ड से कोई लेन-देन ही नहीं किया। शाखा प्रबंधक रविंद्र सिंह का कहना है कि मामले में जांच कराई जा रही है। रुपये किस तरह निकाले गए जांच के बाद साफ हो जाएगा। इधर, किसानों का कहना है कि वे बार-बार बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा।