उझानी/कछला (बदायूं)। कछला चौराहे के पास शराब की दुकान के सामने काफी देर तक तड़पने के बाद एक युवक की मौत हो गई। शव के पास से सल्फास का पाउच पड़ा मिला। युवक की शिनाख्त सहसवान क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी ह्रदेश के रूप में की।
घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की है। मृतक ह्रदेश की उझानी के गौतमपुरी मोहल्ले में ननिहाल है। वह तीन दिन पहले घर से ननिहाल आया। पूर्वाह्न वह ननिहाल से यह कहकर निकला कि घर जाना है। परिजन के मुताबिक ह्रदेश शराब पीने का लती था। घर पहुंचने के बजाय वह कछला चौराहे पर रुक गया। पास में दुकान से खरीदकर देसी शराब भी पी थी। आसपास के लोगों की मानें तो शराब पीने के बाद वह काफी देर तक मौके पर ही तड़पता रहा। चूंकि कोई उसे पहचानता नहीं था इसलिए कोई उसके पास नहीं गया।
सड़क किनारे जमीन पर तड़पने की वजह से उसका पूरा शरीर भी गंदा हो गया था। इसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। शव के पास ही लोगों को सल्फास का पाउच भी मिला। मौत का शोर मचा तो पुलिस कर्मियों ने शव कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचा दिया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कोई अस्पताल पहुंचा देता तो बच सकती थी ह्रदेश की जान
शराब की दुकान के सामने मौत से पहले ह्रदेश के तड़पने का एक वीडियो भी सामने आया है। करीब 45 सेकेंड के वीडियो में वह कुछ कहने की कोशिश कर रहा है लेकिन किसी ने भी उसे उठाकर पड़ोस में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की जरूरत महसूस नहीं की। अगर उसे समय रहते कोई भी अस्पताल पहुंचा देता तो जान बच भी सकती थी। यहां तक कि शराब की दुकान के सेल्समैनों ने भी उसे नहीं उठाया।
कछला शराब की दुकान के सामने से ह्रदेश का शव बरामद किया गया है। शव के पास ही सल्फास का पाउच भी पड़ा मिला था। काफी हद तक संभव है कि ह्रदेश ने सल्फास खाकर जान दी है। फिर भी हकीकत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता लगेगी।
- हरपाल सिंह बालियान, प्रभारी निरीक्षक।
-
पिछले महीना दो युवकों की मौत पर भी उठा था सवाल
कछला कस्बे के निवासी अखिलेश और टिंकू की पिछले महीना एक दिन में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। दोनों शराब पीने की लती थे। परिवार के लोगों ने शराब की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हंगामा भी किया था। देसी शराब की दुकान से नमूने भी लिए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो पाई थी लेकिन उनका बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया था। हंगामा की वजह से उस वक्त पूरे दिन देसी शराब की दुकान भी बंद रही थी। ह्रदेश की मौत के बाद यही दुकान एक बार फिर चर्चा में आ गई है।