बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल मुड़ारी सिधारपुर में ग्राम प्रधान और शिक्षिका के बीच मारपीट हो गई। शिक्षिका ने प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई है, तो वहीं शिक्षिका का लाठी लेकर धमकी देते वीडियो भी वायरल हुआ है।
मामला सोमवार सुबह का है। सहसवान कस्बे के मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी कामिनी कौशल पत्नी अतर सिंह मुड़ारी सिधारपुर के जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक है। कामिनी कौशल के मुताबिक सोमवार सुबह वह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बच्चों के साथ कार्यक्रम करवा रहीं थीं। इसी दौरान ग्राम प्रधान दिनेश प्रमोद और रामौतार समेत कुछ अन्य लोगों को लेकर स्कूल में घुस आया। उसने गाली गलौज की। विरोध करने पर मारपीट कर दी। यह देखकर अन्य अध्यापक आ गए। उन्होंने प्रधान से बचाया। आरोप है कि प्रधान ने स्कूल के रजिस्टर फाड़ डाले। उसे धमकी दी कि अगर मिड डे मील में हिस्सा नहीं देगी तो वह स्कूल से निकलवा देगा। इस संबंध में शिक्षिका ने प्रधान समेत तीनों लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
इधर प्रधान ने शिक्षिका की एक वीडियो वायरल की है, जिसमें शिक्षिका लाठी लेकर उसको धमकी देती दिखाई दे रही है। उसे पीटने की बात कह रही है जबकि मौके पर मौजूद महिला बीच बचाव करने की कोशिश कर रही है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर पर एफआईआर की गई है। इसकी जांच कराई जा रही है।