कादरचौक। बृहस्पतिवार को कादरगंज पुल पर बाइक की टक्कर में कादरचौक के गांव काशी नगला निवासी रामपाल और चंद्रपाल की मौत हो गई। दोनों अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने रिश्तेदारी में कासगंज जा रहे थे। दूसरी बाइक पर सवार सहावर के गांव नागर निवासी बंटी नाम का युवक घायल हो गया।
कादरचौक थाने के गांव काशी नगला निवासी 60 वर्षीय रामपाल की रिश्तेदारी कासगंज में है। उनकी रिश्तेदारी में किसी का निधन हो गया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे रामपाल गांव के ही अपने रिश्ते के नाती 26 वर्षीय चंद्रपाल के साथ बाइक से कासगंज के लिए निकले थे। इनकी बाइक कादरगंज पुल पर पहुंची तो सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। दूसरी बाइक पर कासगंज के थाना सहावर के गांव नागर निवासी 28 वर्षीय बंटी था। हादसे में तीनों लोग गंभीर घायल हो गए। इनको एंबुलेंस से कादरचौक सीएचसी लाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान पहले चंद्रपाल और बाद में रामपाल की मौत हो गई। घायल बंटी का इलाज चल रहा है। बंटी की कादरचौक के गांव कुढ़खेड़ा में ससुराल है। वह रक्षाबंधन पर बाइक से अपनी ससुराल आ रहा था।
पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है। हादसा कादरगंज पुल पर जिस स्थान पर हुआ वह स्थान कासगंज जिले में आता है, लेकिन यहां से कादरचौक सीएचसी पास होने के कारण घायलों को कासगंज न ले जाकर पुलिस कादरचौक लाई। इसके बाद भी दो लोगों की जान नहीं बच सकी।
फोटो- 11 बीडीएनयूजेएचपीएच-01
हादसे में बोलेरो चालक की मौत, दो दोस्त घायल
बरेली-मथुरा हाईवे पर बुटला के पास बुधवार रात हुआ हादसा
मृतक मोहित था कासगंज जिले में सहावर क्षेत्र का निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर बुधवार रात तेज रफ्तार वाहन ने बोलेरो को चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बोलेरो सड़क किनारे पलट गई। चालक कासगंज निवासी मोहित राघव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के दोनों दोस्त घायल हैं। दोनों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे बुटला मोड़ के पास हुआ। कासगंज जिले में सहावर थाना क्षेत्र के गांव म्यासुर निवासी मोहित राघव पुत्र ऋषिपाल अपने दोस्त उसी के पड़ोसी गांव नगला भगत निवासी अजय कुमार पुत्र भूपचंद्र और जयसिंह पुत्र गोपीचंद्र के साथ परिचित व्यक्ति को पहुंचाने बरेली के आंवला गया था। लौटते समय बुटला मोड़ के पास सामने से उसकी बोलेरो की किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। बोलेरो टक्कर लगते ही सड़क किनारे पलट गई। उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में घायलों के चीख पुकार मचाने पर एक अन्य वाहन सवार लोगों ने उन्हें बोलेरो से बाहर निकाला, लेकिन तब तक मोहित (27) की मौत हो चुकी थी।
इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शव कब्जे में लेकर घायल अजय और जयसिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर प्राथमिक उपचार कराया। दोनों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर रिश्तेदार घायलों को लेकर बरेली चले गए।
प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि अब तक साफ नहीं हो पाया है कि दूसरा वाहन कौन सा था। मृतक के भाई शिवाजी की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मोहित के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
-
कार और बाइक की टक्कर में दो घायल
उझानी। कोतवाली क्षेत्र में बुटला के पास बृहस्पतिवार अपराह्न कार से बाइक सवार एटा जिले में मिरहची निवासी अमित कुमार (35) पुत्र राजेश और गंजशहीदा मोहल्ला निवासी नईम (25) पुत्र अमीर अहमद की टक्कर हो गई। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार भी कराया गया। नईम एटा के अस्पताल में काम करता है। रास्ते में अमित ने लिफ्ट ले ली थी। संवाद