दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार से लापता चार किशोरियां दिल्ली पहुंच गईं। कोतवाली पुलिस ने उनकी जानकारी हासिल कर ली है। चारों लड़कियां दिल्ली के पटपड़गंज थाने में हैं। उन्हें लाने के लिए दातागंज कोतवाली की एक टीम रवाना हो गई है।
सोमवार दोपहर दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पांच किशोरियां घर से निकलीं। इसमें एक किशोरी का परिवार वालों से विवाद भी हो गया था। इनमें एक किशोरी कुछ घंटे बाद लौट आई लेकिन चार किशोरियां शाम तक नहीं लौटीं। इस पर उनके परिवार वाले एक-दूसरे के घर पहुंचे। उन्होंने अपने-अपने परिवार की किशोरियों को तलाश किया। रात नौ बजे तक उनका कुछ पता नहीं चला तो परिवार वाले कोतवाली पहुंचे।
पुलिस ने कस्बे में सीसीटीवी कैमरे खंगाले। उनसे पता चला कि चारों किशोरियां शहर की ओर गईं हैं। इससे पुलिस उनका पीछा करते हुए शहर तक पहुंच गई। यहां भी तमाम सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इसके अलावा लोगों से जानकारी की गई। मंगलवार सुबह पुलिस को पता चला कि चारों किशोरियां दिल्ली पहुंच गईं हैं। उन्हें दिल्ली के पटपड़गंज थाना पुलिस ने बैठा लिया है। उन्हें बदायूं लाने के लिए दातागंज पुलिस दिल्ली रवाना हो गई है।
इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने बताया कि चारों किशोरियों का पता चल गया है। वे सकुशल हैं। उन्हें लाने के लिए पुलिस टीम दिल्ली गई है।