जरीफनगर (बदायूं)। थाना पुलिस ने सोनबूड़ी गांव में दबिश देकर फर्जी आधार कार्ड बनाते दो लोगों को दबोच लिया। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
बुधवार शाम एसआई कृष्णपाल सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सोनबूड़ी गांव में पांच सौ रुपये लेकर फर्जी आधार कार्ड बनाये जा रहे हैं। इस पर उन्होंने टीम के साथ सोनबूड़ी गांव में दबिश दी। जहां युधिष्ठर नाम के व्यक्ति के घर में दो युवक लैपटॉप और प्रिंटर से फर्जी तरह से आधार कार्ड बना रहे थे। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल, प्रिंटर और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव करुआवारा निवासी शिवकांत उर्फ मिंटू पाठक पुत्र विजय पाठक और सोनबूड़ी निवासी दयाकरन पुत्र जुगल किशोर बताया। पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई। उनके खिलाफ देर शाम एफआईआर दर्ज कर ली गई। पुलिस ने अब उन्हें जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार सुबह उन्हें जेल भेजा जाएगा।