बदायूं। शहर कोतवाली इलाके में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक आंगनबाड़ी वर्कर की चेन लूट ली और मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों को काफी तलाश की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मिर्धाटोला निवासी अनीता गुप्ता पत्नी राजकुमार आंगनबाड़ी वर्कर हैं। अनीता के मुताबिक वह शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पटियाली सराय मोहल्ले से अपना आधार कार्ड संशोधन करवाकर घर लौट रहीं थीं। जब वह कूंचापांडा मोहल्ले से गुजर रही थीं तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी चेन झपट ली और भाग गए। इस पर अनीता ने शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। बदमाशों को तलाश किया गया लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। आंगनबाड़ी वर्कर ने पुलिस को तहरीर दी है। अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।