उझानी (बदायूं)। कस्बे के अयोध्यागंज मोहल्ले में रविवार तड़के 20 वर्षीय विवाहिता निशा चौहान की गला दबाकर हत्या करा दी गई। सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो कहासुनी हो गई। शुरुआत में आत्महत्या की बात की जा रही थी पर दोपहर में कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने की बात सामने आई। जानकारी पाकर पुलिस के अफसर भी मौके पर पहुंच गए।
निशा (20) पुत्री चंद्रपाल का मायका दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव समरेर में है। 19 मार्च-2022 को समरेर के ही रीतेश पुत्र विनोद कुमार के साथ शादी हुई थी। रीतेश का पिता बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव गढौली के मूल निवासी हैं, लेकिन ससुराल में जमीन-जायदाद मिलने के बाद समरेर में बस गया था। बेटे रीतेश ने उझानी के अयोध्यागंज मोहल्ले में मकान बना लिया, जहां निशा के साथ वह रहता था। मृतका के पिता चंद्रपाल के अनुसार सुबह रीतेश ने उसे फोन कर बताया कि निशा की मौत हो गई है। वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचा तो बेटी के गले पर चोट के निशान नजर आए। आरोप है कि निशा का पति दहेज में बुलट मोटर साइकिल और फ्रिज की मांग करता था। पिछले दिनों उसने इसे लेकर निशा की पिटाई भी की थी। रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से तब विवाद सुलझ गया था।
इसके बाद एक बार और निशा को प्रताड़ित किया गया। चंद्रपाल ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है, जो दोनों मांगे एक साथ पूरी कर दी जातीं। इसी वजह से विनोद ने निशा की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप-प्रत्यारोप के बीच रीतेश और चंद्रपाल में कहासुनी भी हो गई। हंगामा होने लगा तो पुलिस बुला ली गई। सीओ शक्ति सिंह ने मौका मुआयना भी किया। मृतका के पति और पिता ने सीओ के सामने अपना-अपना पक्ष भी रखा। पुलिस ने विनोद को हिरासत में ले लिया। उसके बाद पुलिस ने निशा का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या बताई गई है। इस पर पुलिस ने आरोपी विनोद और उसके परिवार वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने की बात सामने आई है। आरोपियों पर कार्रवाई हो रही है।