बदायूं। बिसौली एसडीएम के वाहन पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि अभी इसमें आरोपी का पता नहीं चला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी देखे गए हैं।
शुक्रवार रात बिसौली एसडीएम ज्योति शर्मा क्षेत्र में भ्रमण करके लौट रहीं थीं। जैसे ही वह कस्बे में नए तहसील कार्यालय के मोड़ पर पहुंची, कि तभी किसी ने वाहन पर ईंट से हमला कर दिया। इससे उनके वाहन का अगला शीशा टूट गया और ईंट गाड़ी चला रहे ड्राइवर श्यामवीर को जा लगी। इसमें श्यामवीर को चोट आई थी। वाहन में बैठे होमगार्डों ने उसी दौरान उतरकर हमलावर को तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस संबंध में थाना पुलिस ने रात में ही एफआईआर दर्ज कर ली। शनिवार सुबह घटनास्थल के आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिला। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है।