दिल्ली-बदायूं हाईवे पर वाहन चेक करती आबकारी विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जरीफनगर इलाके में बदायूं-दिल्ली हाईवे पर बुधवार रात तमाम वाहनों की चेकिंग कराई गई। इस दौरान दिल्ली से शराब लाते सात लोग पकड़े गए। उनसे 25 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने बुधवार रात टीम के साथ जरीफनगर इलाके में बदायूं-दिल्ली हाईवे पर तमाम वाहनों की चेकिंग कराई। इस दौरान कई रोडवेज बसों, निजी वाहनों के अलावा टैक्सी चेक की गईं। करीब छह घंटे चले चेकिंग अभियान के दौरान सात लोग पकड़े गए। उनसे 25 शराब की बोतलें बरामद हुईं। बताते हैं कि यह लोग दिल्ली से शराब खरीदकर ला रहे थे।
यहां बता दें बदायूं की अपेक्षा दिल्ली में शराब सस्ती है। इससे दिल्ली आने-जाने वाले लोग शराब खरीदकर लाते हैं। हालांकि पकड़े गए लोगों के खिलाफ विभाग ने एफआईआर दर्ज करा दी है लेकिन इससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि रात को दिल्ली से शराब की तस्करी होती है। कुछ दिन पहले भी आबकारी विभाग ने चेकिंग अभियान चलाया था, तब दस लोग पकड़े गए थे। उनसे शराब की 40 बोतलें बरामद हुईं थीं।
-
दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों से शराब लाई जाती है। हालांकि यह लोग एक साथ शराब नहीं लाते। यह दो-चार बोतल लाकर रुपये कमा रहे हैं। दूसरे राज्य से शराब लाना गैरकानूनी है। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
- प्रगल्भ लवानिया, जिला आबकारी अधिकारी