उझानी। कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति की बेटी को प्रेमप्रसंग के दौरान शादी का झांसा देकर फंसा लिया गया। आरोपी मोहित चौहान ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दूसरे संप्रदाय से जुड़ी युवती ने शादी का दबाव बनाया तो उसने इन्कार कर दिया।
आरोपी मोहित चौहान कोतवाली क्षेत्र के गांव बसोमा का रहने वाला है। उसका एक अन्य गांव के रहने वाले व्यक्ति की बेटी से काफी समय तक प्रेमप्रसंग चल रहा था। युवती चूंकि दूसरे संप्रदाय की है, सो उसके परिजन ने मोहित को काफी भला-बुरा कहा। युवती उससे शादी करने की जिद पर अड़ी रही। प्रेमप्रसंग के दौरान दोनों के बीच अंतरंग संबंध भी रहे। बुधवार शाम युवती अपने परिजन के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरे मामले से अवगत करा दिया। युवती ने मोहित पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
युवती की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पूछताछ के दौरान युवक ने भी प्रेम प्रसंग की बात स्वीकार की। इधर, युवती को मेडिकल कराने के लिए महिला अस्पताल भेजा गया है। उसके बयान भी दर्ज कए गए। गिरफ्तार मोहित को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। संवाद