बदायूं। शासन के निर्देश के बावजूद निराश्रित गोवंश को गोशालाओं तक नहीं पहुंचाया जा सका है। वहीं जो गोवंश गोशालाओं में पहुंच गए हैं, उनको कुपोषित बच्चों के परिजन को देने के निर्देश के बावजूद नहीं दिया जा रहा।ऐसे में डीएम ने बीडीओ व डिप्टी सीवीओ के वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को डीएम दीपा रंजन ने जिले में संचालित गोवंश आश्रय स्थलों पर गोवंश संरक्षण व सहभागिता में दिए गए गोवंश की समीक्षा की। सीवीओ एके जादौन ने बताया कि ब्लॉक समरेर में 138, इस्लामनगर में 106 के लक्ष्य के सापेक्ष काम किया जा रहा है, लेकिन दातागंज में अप्रैल में कोई भी गोवंश को सुपुर्दगी में नहीं दिया गया है। डीएम ने बीडीओ से इस संबंध में जवाब मांगा, तो वह उत्तर नहीं दे सके। ऐसे में डीएम ने बीडीओ प्रमोद कुमार और डिप्टी सीवीओ देवव्रत तोमर का जुलाई का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीवीओ ने बताया कि वृहद गो संरक्षण केंद्र बनाने के लिए ब्लॉक समरेर में ग्रामसभा सेहरा मुक्ता में करीब 350 बीघा जमीन का चयन किया गया है। वहां पर अति वृहद गोसंरक्षण केंद्र का निर्माण कराया जा सकता है। यह प्रोजेक्ट बनने पर करीब तीन हजार गोवंश संरक्षित किए जा सकेंगे।