अलापुर। मंगलवार रात घर के बाहर सो रही महिला पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्राम बसियानी में मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे मंजू (35) पत्नी हरिओम घर के बाहर दरवाजे पर सो रही थी। परिजन ने बताया कि इसी बीच कुछ अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख पुकार होने पर हमलावर मौके से भाग निकले। घायल महिला के ससुर सत्यपाल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। इंस्पेक्टर एस के सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना की वजह पता नहीं चली है। तहरीर मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद