बदायूं। तीन दिन पहले पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ सजायाफ्ता मुजरिम करन सिंह शनिवार को कोर्ट में सरेंडर हो गया। करन सिंह पुत्र मुंशीलाल उसहैत थाना क्षेत्र के गांव सिदुआ नगला का रहने वाला है। बुधवाई को उसको एक जानलेवा हमला करने के मामले में सात साल की सजा सुनाई गई थी। जिस पर हेड मोहर्रिर महेंद्र सिंह उसे न्यायालय परिसर के लॉकअप ले जा रहे थे। तभी करन सिंह हेड मोहर्रिर को चकमा देकर फरार हो गया था। तब से पुलिस उसे तलाश कर रही थी। शनिवार को वह न्यायालय में सरेंडर हो गया। उसने बताया कि उसके फरार होने के बाद से पुलिस परिवार वालों को परेशान कर रही थी। इससे वह सरेंडर होने आया है। सरेंडर होने के बाद करन सिंह को जेल भेज दिया गया। संवाद