बदायूं। उसावां थाना क्षेत्र के गांव मरौरी में शनिवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई।
यह मामला शाम सात बजे का बताया जा रहा है। उस दौरान मरौरी निवासी विपिन सोलंकी (32) अपने घर पर मौजूद थे। परिवारवालों ने अचानक गोली चलने की आवाज सुनी। तब परिवार वाले दौड़कर पहुंचे। विपिन के पेट में गोली लगी थी। परिवारवाले हालत देखकर विपिन को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर युवक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिवारवाले कोई कार्रवाई कराने से इनकार कर रहे हैं। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। गोली लाइसेंसी असलहे से लगी बताई जा रही है जो परिवार के पास है। कहा जा रहा है कि परिवारवालों को सच्चाई पता होगी, बाद में उन्हीं से पूछताछ की जाएगी। संवाद