बदायूं। मंगलवार शाम पुलिस लाइन सभागार पहुंचे डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने अधिकारियों संग बैठक की। उन्होंने दिवाली के त्योहार पर की जा रही सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि त्योहार पर कोई नई परंपरा न डाली जाए। खुराफातियों और शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए और उन पर तुरंत कार्रवाई की जाए। बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आगे होने वाले अतिक्रमण को हटाने, आतिशबाजी, पटाखों का निर्माण, संग्रह, बिक्री करने वालों और बैंकों, सराफा बाजार में दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण करें, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा सके और कोई अप्रिय घटना नहीं हो पाए। इससे अपराधियों को पकड़ने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी ध्यान रखें। कोई अफवाह या गलत खबर प्रकाश में आने पर उसका तत्काल खंडन किया जाए। इस दौरान डीएम कुमार प्रशांत, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह समेत सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।