तालाब में गंबुछिया मछली छोड़ता मलेरिया विभाग का कर्मचारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। एक पखवाड़ा पहले कोरोना मुक्त हो चुका जिला मंगलवार को फिर से कोरोना ग्रस्त हो गया है। मंगलवार को कोरोना का एक मरीज मिला है, इसके अलावा जिले में डेंगू के तीन और मलेरिया का भी एक मरीज मिला है। बुखार के मरीजों की बात करें तो 12 गांवों में चार सौ से ज्यादा बुखार के मरीज भी मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सोमवार को जिले में अलग-अलग स्थानों से 1601 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे थे। इनमें 735 लोगों की एंटीजन और 866 की आरटीपीसीआर जांच कराई गई। जांच में कोरोना का एक मरीज मिला है। मरीज शहर की प्रगति विहार कॉलोनी का है। उसे ट्रेस करने के बाद होम क्वारंटीन कर दिया गया है। कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि मरीज के संपर्क में आने वालों के सैंपल लिए गए हैं।
दूसरी ओर मंगलवार को जिले में डेंगू के तीन और मलेरिया का एक मरीज मिला है। पांच ब्लॉक के 12 गांवों में बुखार के भी चार सौ से ज्यादा मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग की टीमों ने प्रभावित गांवों में मंगलवार को कैंपों का आयोजन कर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
मलेरिया विभाग की 18 टीमों ने 142 घरों में दवाओं के छिड़काव के साथ लार्वा भी नष्ट कराया। जिला मलेरिया अधिकारी योगेश सारस्वत ने बताया कि डेंगू के तीन मरीज मिले हैं। पिछले वर्षों के मुकाबले इस वर्ष मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप कम है।