बदायूं। जिला अब कोरोना मुक्त होने की ओर है। बृहस्पतिवार को भी कोई नया रोगी नहीं मिला। सात रोगियों के स्वस्थ होने के बाद अब एक ही सक्रिय रोगी बचा है। इधर, शुक्रवार को जिले में सितंबर माह का पहला बूस्टर डोज मेगा डे मनाया जाएगा। अब तक रविवार को ही मेगा डे होता था।
बुधवार को जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 1677 लोगों के सैंपल लिए 927 की आरटीपीसीआर और 730 की एंटीजन जांच कराई। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट आई तो इनमें कोई कोरोना संक्रमित नहीं निकला। बृहस्पतिवार को सात रोगियों के स्वस्थ होने के बाद अब जिले में एक ही सक्रिय रोगी शेष है। अगले तीन दिन तक अगर कोई नया रोगी नहीं मिलता तो जिला एक बार फिर से कोरोना मुक्त हो जाएगा।
इधर, स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को भी बूस्टर डोज मेगा डे के रूप में मनाने की तैयारी पूरी कर ली है। अगस्त में रविवार के दिन बूस्टर डोज मेगा डे रहता था, लेकिन अब सप्ताह में दो बार मेगा डे मनाया जाएगा। शुक्रवार को जिले में 250 स्थानों और रविवार को 350 स्थानों पर बूस्टर डोज यानी सुरक्षा टीका लगाने का काम किया जाएगा। नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. मोहम्मद असलम ने बताया कि वैक्सीन की सप्लाई मिल गई है। शुक्रवार को बूस्टर डोज मेगा डे मनाया जाएगा।