बदायूं। दो दिन जिले में कोरोना का कोई नया रोगी न मिलने के बाद तीसरे दिन बुधवार को फिर से आठ नए रोगी मिले हैं। इनमें पांच नए रोगी जिला जेल में ही निकले हैं। अब जिले में कोरोना के सक्रिय रोगियों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। बुधवार को जिले में तीन हजार से ज्यादा लोगों को कोरोना की बूस्टर डोज भी दी गई।
अगस्त के पहले सप्ताह में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने के कारण जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या सौ के पार पहुंच गई थी। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले में 1693 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें 861 की आरटीपीसीआर और 832 को एंटीजन जांच कराई गई। बुधवार को रिपोर्ट आई तो आठ रोगी निकले।
बुधवार को जिले में 3860 लोगों ने बूस्टर डोज यानी सुरक्षा टीका भी लगवाया। स्वास्थ्य विभाग ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगाने के लिए नए सिरे से कार्ययोजना तैयार की है। नई कार्ययोजना के तहत 20 और 22 जनवरी को सभी सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही बूस्टर डोज दी जाएगी। कार्य स्थल पर बूस्टर डोज के लिए पहले 16 से 23 अगस्त तक का समय तय किया गया था, अब इसमें कुछ बदलाव किया गया है। इससे पहले 21 अगस्त रविवार को एक बार फिर से जिले में बूस्टर मेगा डे मनाया जाएगा। एक दिन में 50 हजार लोगों को बूस्टर डोज देने का लक्ष्य तय किया गया है।
बुधवार को जिले में 3860 लोगों को बूस्टर डोज दी गई है। 21 अगस्त को एक बार फिर से बूस्टर डोज मेगा डे मनाया जाएगा। इस बीच 20 और 22 अगस्त को सभी सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों को कार्यस्थल पर बूस्टर डोज दी जाएगी। ज्यादा से ज्यादा लोगों को बूस्टर डोज देने के लिए कार्य योजना में कुछ बदलाव किया गया है।
-डॉ. मोहम्मद असलम, नोडल अधिकारी टीकाकरण