दक्षिणी राज्यों में मक्का की खपत में बढ़ोत्तरी के साथ ही दिल्ली की कंपनियों ने बदायूं की ओर रूख कर दिया है। पिछले दिनों दिल्ली से पहुंचे एक कंपनी के कारिंदों ने मंडी आकर मक्का की गुणवत्ता पर गौर किया। सोमवार को छह प्रमुख आढ़तियों ने मालगाड़ी में मक्का के 45 हजार कट्टे लोड करा दिए। देर शाम मालगाड़ी तमिलनाडु के त्रिपुर के लिए रवाना हो गई। मक्का लोड करने के लिए मालगाड़ी सोमवार सुबह में यहां स्टेशन पर पहुंची। मालगाड़ी में 57 किलो वजन के करीब 45 हजार कट्टों को लोड कर दिया गया। आढ़ती सर्वेश कुमार गुप्ता और अभिषेक बंसल ने बताया कि कंपनी को 12 सौ रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से मक्का की बिक्री की गई है। लोडिंग के दौरान दिल्ली की कंपनी के कारिंदों ने मक्का की गुणवत्ता भी परखी। बता दें कि पिछली बार 16 अगस्त को व्यापारी रोहताश गुप्ता की देखरेख में मक्का की पूरी रैक को कर्नाटक के हावेरी के लिए लोड कराया गया था।