बदायूं। सहकारी समितियों पर पंजीकृत किसानों के लिए नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से अब तक 62.65 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है, जो गत वर्ष बांटे गए ऋण से 34.27 करोड़ रुपये अधिक है। ऐसा तब है जबकि अभी नौ माह इस वित्तीय वर्ष को पूरा होने में शेष हैं। विभाग का दावा है कि इस बार शासन के लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा।
जिले में 100 से अधिक सहकारी समितियां हैं। शासन स्तर से इन समितियों के माध्यम से किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार लोन बांटने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसानों को परेशानी न हो। हालांकि इसके लिए शासन ने विभाग को 130 करोड़ रुपये ऋण वितरण का लक्ष्य भी दिया है। इसके बाद विभागीय अधिकारी ने सचिवों के साथ बैठक की और शासन के निर्देशों को स्पष्ट करते हुए लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिए।
इसके बाद में समितियों के माध्यम से अप्रैल से मई के बीच विभाग ने 62 करोड़ 65 लाख 61 हजार रुपये के ऋण बांटे, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में समितियों ने 28 करोड़ 38 लाख रुपये के ऋण बांटे थे। समितियों की तरफ से इस बार वसूली भी बेहतर की गई है। पिछले वित्तीय वर्ष में कुल 34 करोड़ 61 लाख 56 हजार रुपये की वसूली की गई थी, जबकि इस वित्तीय वर्ष में जून तक 80 करोड़ 30 लाख 85 हजार रुपये की वसूली की जा चुकी है।
शासन के निर्देशों के बारे में सभी सचिवों जानकारी दी थी ताकि समय से ऋण वितरण और वसूली दोनों हो सकें। इस बार जिले में तेजी से ऋण वितरण और वसूली का काम किया गया है। - महेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक