दातागंज (बदायूं)। 75 हजार रुपये लेकर कराई गई शादी में विदाई को लेकर विवाद हो गया, जो सात वचन लिए गए थे वे पलभर में ही टूट गए। दूल्हे के पक्ष ने रुपये-जेवर लेकर भागने के शक में पुलिस बुला ली। इसके बाद रिश्ते में दरार पड़ गईं और दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए। दरअसल, युवक वैवाहिक स्थल से ही दुल्हन को घर ले जाना चाहता था, लेकिन शादी कराने वाले इसको तैयार नहीं थे। इसी को लेकर युवक ने पुलिस को सूचना दे दी थी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी काफी समय से नहीं हो रही थी। कस्बे के ही एक व्यक्ति ने उसकी शादी कराने को कह दिया और इसके लिए 75 हजार रुपये भी मांगे। लड़के को बता दिया गया कि महिला आजमगढ़ की रहने वाली है, उसकी दूसरी शादी होगी। फोटो देखकर लड़का भी तैयार हो गया। उसके बाद शादी की तैयारियां शुरू हुईं। लड़के ने कुछ आभूषण बनवाए। तय समय के अनुसार सोमवार सुबह दोनों ही पक्ष धार्मिक स्थल पहुंचे और शादी कराने वाले ने 75 हजार रुपये ले लिए। उसके बाद शादी की रस्म शुरू की गई।
शादी के बाद लड़का दुल्हन को वहीं से अपने घर ले जाने लगा तो शादी कराने वाले ने विरोध शुरू कर दिया, कहने लगे कि वह आजमगढ़ जाकर उसकी विदा करवाकर लाएं। इससे पुजारी और उनके बेटे को शक हुआ कि यह रुपये जेवर लेकर भागने की फिराक में है। इससे उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी, जिससे मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। दोपहर तक दोनों पक्षों से पूछताछ चलती रही। बाद में दोनों ने लिखकर दे दिया कि अब उनका कोई रिश्ता नहीं है। वह कोई कार्रवाई भी कराना नहीं चाहते, जिससे पुलिस ने दोनों पक्षों को छोड़ दिया। पुजारी ने अपने रुपये और जेवर वापस ले लिए। इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि दोनों ही पक्षों ने लिखकर दिया है कि वह कोई कार्रवाई कराना नहीं चाहते।
शादी कराने के नाम पर कई युवाओं से हो चुकी है ठगी
- कोतवाली इलाके में शादी कराने के नाम पर कई युवाओं से ठगी हो चुकी है। म्याऊ के युवक की 50 हजार रुपये लेकर शादी कराई गई। दूसरे दिन ही दुल्हन भाग गई। कुनिया के युवक की दुल्हन दूसरे दिन ही घर का सामान समेटकर भाग गई। अंधरऊ के युवक की दुल्हन छत से कूदकर और परा मोहल्ला के युवक की दुल्हन दीवार फांदकर चली गई थी। हालांकि इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई और आरोपी दुल्हन भी पकड़ी गई थी। इसके अलावा कई और युवाओं से ठगी हो चुकी है।