बिनावर (बदायूं)। मंगलवार शाम हाईटेंशन लाइन जोड़ रहे संविदा लाइनमैन रक्षपाल (45) की करंट लगने से मौत हो गई। वह सुभानपुर गांव में हाईटेंशन लाइन जोड़ने पहुंचे थे। खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक करते समय करंट आने से वह गिर गए।एक घंटा बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रक्षपाल मूलरूप से बिनावर थाना क्षेत्र के गांव डुमैरा के रहने वाले थे। वह बिनावर विद्युत उपकेंद्र पर काम कर रहे थे। मंगलवार शाम लाइनमैन शटडाउन लेकर घटपुरी फीडर के गांव सुभानपुर में हाईटेंशन जोड़ने अकेले पहुंचे थे। खंभे पर चढ़कर लाइन जोड़ते समय उन्हें अचानक करंट आ गया और वह खंभे से गिर गए। वह करीब एक घंटे तक मौके पर पड़े रहे। बाद में उधर से निकल रहे किसानों ने पुलिस और विद्यु़त उपकेंद्र के कर्मचारियों को सूचना दी, जिससे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। वह रक्षपाल को जिला अस्पताल ले गए, जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत बता दिया। उनके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। इसकी सूचना पर उनके परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।