बदायूं। जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कंप्यूटर लैब बनाने के लिए धनराशि मंजूर हो गई है। इसको लेकर कार्यदायी संस्था की तरफ से विद्यालय परिसर में लैब को बनाने के लिए जगह का भी चयन कर लिया गया। जल्द ही यहां पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शासन की तरफ से जिले में संचालित 18 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित किए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए शासन स्तर पर कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ को चुना है। वहीं, शासन की तरफ से प्रत्येक लैब को बनाने के लिए 14 लाख 34 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके बन जाने से छात्राओं को काफी फायदा मिलेगा।
शासन की ओर से छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए कंप्यूटर लैब बनाई जाएगी। इसको लेकर कार्यदायी संस्था नामित कर दी है। साथ ही धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई है। ऐसे में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
-वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी