रूहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं और प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाएं एक ही दिन पड़ने से छात्र-छात्राएं परेशान हैं। ऐसे में स्टूडेंट यह नहीं तय कर पा रहे हैं कि वह प्रवेश परीक्षाएं दें या फिर विश्वविद्यालय स्तरीय एग्जाम। अभिभावकों ने इसे देखते हुए राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंप तिथि संशोधन की मांग की है। मढ़ई चौक निवासी महेंद्र पाठक बताते हैं कि उनकी बेटी संपदा पाठक बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा है। उसका 18 अप्रैल को वनस्पति विज्ञान थर्ड का पेपर है। जबकि इसी तिथि को तीन पेपर और भी हैं। अभिभावक महेंद्र पाठक का कहना है कि इसी दिन यूपीटीयू लखनऊ, एमबीए आदि की भी प्रवेश परीक्षाएं हैं। ऐसे में परेशानी सामने खड़ी हो गई है। दोनों में से किसी एक भी परीक्षा को छोड़ने से पूरा साल खराब हो रहा है। उन्होंने ज्ञापन में तिथि संशोधन की मांग की है।