बदायूं। दातागंज रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक सीओ ट्रैफिक के सिपाही ने नगर पंचायत गुलड़िया की भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार के साथ मारपीट की। पीड़ित ने सिपाही के खिलाफ एसएसपी के नाम थाना पुलिस को तहरीर दी है। अभी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।
नगर पंचायत गुलड़िया निवासी चिरंजीव सिंह भाजपा प्रत्याशी तारा देवी के रिश्तेदार हैं। वह शुक्रवार को बाइक से भाजपा प्रत्याशी की नुक्कड़ सभा की अनुमति लेने शहर आ रहे थे। रास्ते में दातागंज रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक निजी अस्पताल में दवा लेने के लिए रुक गए। वहीं पर सीओ ट्रैफिक भी वाहन चेकिंग कर रहे थे। सीओ के सिपाही ने चिरंजीव सिंह को रोक लिया। उन्होंने बताया कि वह किसी की बाइक मांगकर लाए हैं। आरोप है कि इसी बात पर सिपाही ने उन्हें डंडे से पीटना शुरू कर दिया। उनके खून निकल आया। यह देखकर सीओ ने मामला समझा-बुझाकर शांत करा दिया। चिरंजीव सिंह ने सिविल लाइंस थाने में सिपाही के खिलाफ तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि हमारे पास कोई सूचना नहीं आई है। सीओ ट्रैफिक श्याम नारायण ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इसकी जांच कराते हैं। भाजपा प्रत्याशी तारा देवी का कहना है कि चिरंजीव की बाइक का चालान कर दिया गया। मारपीट करना सही नहीं था। वह मामले की जांच कराने की मांग करेंगीं।