बिसौली। नाई के खिलाफ एससीएसटी एक्ट का फर्जी रिपोर्ट लिखाने के आरोप में घिरे सीओ बिसौली सुनील कुमार की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय अफसरों के वह भले ही कृपापात्र बने हों, लेकिन शासनस्तर तक शिकायत के बाद आईजी बरेली रेंज ने एक्शन लिया है। आईजी ने जांच बरेली के एसपी दक्षिणी मानस पारिख को सौंपी है। एसपी दक्षिणी की ओर से शिकायतकर्ता नाई को बयान के लिए बुलाया है।
कस्बा निवासी विनोद पेशे से नाई है। उसने पिछले दिनों आरोप लगाया कि सीओ बिसौली सुनील कुमार की हजामत को बुलाया था। देरी से पहुंचने पर सीओ बौखला गए और उसे कोतवाली की हवालात में एक दिन व एक रात बंद कराए रखा। शिकायत अफसरों से हुई तो एक सफाईकर्मी से तहरीर मंगवाकर उसके खिलाफ एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
विवेचना भी खुद सीओ बिसौली संभाले बैठे हैं। पीड़ित ने एसएसपी आलोक प्रियदर्शी समेत आईजी बरेली रेंज डॉ. राकेश सिंह से मामले की शिकायत की तो एसएसपी ने एसपी देहात राममोहन को जांच सौंप दी। वहीं अब आईजी ने एसपी दक्षिणी से जांच शुरू कराई है। एसपी दक्षिणी मानस पारिख ने नोटिस मिलने के तीन दिन के भीतर नाई विनोद को दफ्तर पहुंचकर बयान दर्ज कराने को लिखा है। माना जा रहा है कि अगर नाई अपनी बात पर अड़ा रहा तो सीओ पर कार्रवाई हो सकती है। क्योंकि इस मामले में अब बड़े अधिकारियों की नजर पड़ चुकी है।संवाद