अलापुर में बारिश से बाजार में भरा पानी। संवाद
बदायूं। शहर में रविवार दोपहर बाद काले बादल छा गए और ठंडी हवा चलने लगी। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। लोगाें को गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद लग गई। महज दो-तीन मिनट हुई बूंदाबांदी के बाद बारिश रुक गई और फिर से गर्मी हो गई। वहीं अलापुर क्षेत्र में जमकर बारिश हुई। इससे सड़कों पर जलभराव हो गया। हालांकि सोमवार को भी बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।
जिले में पिछले कई दिन से मौसम में गर्माहट हो रही थी। ऐसे में लोग गर्मी से परेशान थे। रविवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली। काले बादल छा गए, कुछ ही देर में ठंडी हवा चलने लगी। शाम करीब साढ़े चार बजे हल्की-हल्की बारिश शुरू हुई, जो महज दो से तीन मिनट तक ही चली। हवा चलने से मौसम में ठंडक महसूस होने लगी, जो आधा घंटे बाद ही थम गई। इससे लोगों को दोबारा गर्मी का अहसास होने लगा। कृषि विभाग के अनुसार दो, तीन और चार सितंबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं हवा भी सात से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा के हिसाब से चलने का अनुमान है।
झमाझम हुई बारिश से बाजार में भरा पानी
अलापुर। दोपहर बाद हुई बारिश से कस्बे के मुख्य बाजार में जलभराव हो गया। इतना ही नहीं एमएफ हाईवे से नगर में प्रवेश करने वाली सभी सड़कों पर जलभराव नजर आया, जिसके चलते आवागमन में लोगों को परेशानी हुई। करीब डेढ़ घंटे बाद बाजार की सड़कों पर भरा पानी निकल सका। हालांकि लगातार पड़ रही उमस भारी गर्मी के बाद हुई बारिश के चलते लोगों ने राहत की सांस ली है। बारिश और हवा के चलते करीब दो घंटे बिजली आपूर्ति भी बंद रही। संवाद