बिसौली में हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाता गया। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिसौली। हाईवे से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन का बुलडोजर शुक्रवार को तहसील मोड़ से लेकर अटल चौक तक चला। एसडीएम ज्योति शर्मा के निर्देशन में पालिका कर्मियों ने सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के साथ छह हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला।
लगभग दो माह पूर्व हाईवे पर अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अस्थायी व कई स्थानों पर स्थायी अतिक्रमण भी हटाए थे। सड़क किनारे खोखा, ठेला रखकर व्यापार करने वाले छोटे व्यापारियों को भी हटा दिया था। लगभग एक सप्ताह तक चले अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई विवाद भी हुए। अभियान के खत्म होने के बाद अतिक्रमणकारियों ने फिर से हाईवे पर अतिक्रमण करना शुरू कर दिया।
शुक्रवार को एसडीएम ज्योति शर्मा व ईओ नवनीत कुमार के नेतृत्व में पालिका कर्मी बुलडोजर लेकर निकले तो अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी मच गई। पालिका कर्मियों ने अटल चौक तक हाईवे किनारे अतिक्रमण को हटवाया तो कई जगह ध्वस्त भी कराया। पालिका की टीम ने कई व्यापारियों का सामान ट्रैक्टर ट्रॉली में भर लिया। अतिक्रमणकारियों से छह हजार का जुर्माना भी वसूला गया। साप्ताहिक बंदी को लेकर भी एसडीएम सख्त नजर आईं। इस मौके पर पालिका के लेखा लिपिक मशकूर खां, राजीव कुमार, विकास बाबू, अजय कुमार, राजेश बाबू, अनुज आदि मौजूद रहे।