बदायूं। किसी परिवार के मृतक सदस्य की स्मृति में नगर पालिका उसके घर के सामने ट्रीगार्ड समेत पौधा लगवाएगी। इसके लिए पालिका ने 100 पौधे और ट्रीगार्ड मंगवाए हैं। कोई भी व्यक्ति अपने परिवार के मृत सदस्य के नाम पर अपने घर के सामने पौधरोपण कर सकेगा, बशर्ते उसके घर के सामने इतनी जगह हो। पौधे और ट्रीगार्ड की हिफाजत संबंधित परिवार के सदस्य को करनी होगी।
आमतौर पर तमाम सामाजिक संस्थाओं, समाजसेवियों द्वारा स्कूल- कॉलेज, पार्क समेत सड़कों के किनारे पौधरोपण कर दिया जाता है, लेकिन उसके बाद उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। ऐसे में वह पौधे सूख जाते हैं या फिर जानवर खा जाते हैं। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन ने एक अनोखी पहल की है। इसके तहत शुरुआत में 100 ट्रीगार्ड और 100 पौधे मगवाएं गए हैं। इन पौधे को मय ट्रीगार्ड के लगाने के लिए शहर में ऐसे परिवारों का चयन किया जा रहा है, जिनके परिवार में कोई मृत हो गया हो। उनकी याद में पालिका पौधे मय ट्रीगार्ड उनके घर के पास में लगाएगी। मृतक का नाम भी ट्रीगार्ड पर अंकित कराया जाएगा और उस पौधे की जिम्मेदारी भी उसी परिवार को दी जाएगी। इसके पीछे पालिका का उद्देश्य शहर में हरियाली को बढ़ावा देना है।
-
शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए जन सहयोग बेहद जरूरी है। ऐसे में इस सोच पर काम किया जा रहा है, जो लोगों के सहयोग से ही होगा। यदि कोई व्यक्ति अपने परिवार के किसी मृत व्यक्ति की स्मृति में पौधा लगाना चाहता है तो वह पालिका से संपर्क कर सकता है।
-दीप कुमार, ईओ, नगर पालिका