बदायूं। बुधवार रात बारिश और तेज हवा चलने से जिले की बिजली व्यवस्था गड़बड़ा गई। इससे शहरी इलाके में कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही तो कई ग्रामीण क्षेत्रों में शाम तक बिजली नहीं आई। कई जगह लाइन में फाॅल्ट भी हो गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। प्रकाश व्यवस्था से लेकर पेयजल की समस्या पैदा हो गई। बाद में बिजली आने पर ही लोगों को पानी मिल सका।
शहर में बुधवार शाम से ही बिजली व्यवस्था गड़बड़ाई रही। शाम के समय कई घंटे बिजली नदारद रही। बाद में बिजली आने-जाने का क्रम लगा रहा। रात को करीब दो-तीन घंटे बिजली नहीं आई। सुबह बारिश की वजह से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। फिर सुबह दस बजे तक बिजली नहीं आई।
दिन में भी बिजली आने-जाने का क्रम लगा रहा। शाम को फिर से वही हालत हो गई। यानी 24 घंटे में लगातार आपूर्ति नहीं आई। इससे शहर के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। उन्हें कई समस्याएं झेलनी पड़ीं। इससे ज्यादा खराब स्थिति ग्रामीण इलाकों की रही। शहर के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह सात बजे बिजली आपूर्ति जाती है लेकिन बृहस्पतिवार सुबह खराब मौसम की वजह से पांच बजे ही बिजली चली गई। इससे तमाम लोग पानी तक नहीं भर पाए और न ही हीटर का इस्तेमाल नहीं कर सके।
इधर सैदपुर इलाके में सुबह चार घंटे बिजली बाधित हो गई। बदायूं-चंदौसी हाईवे किनारे अक्सर 33 केवीए की लाइन में फाॅल्ट हो जाते हैं। इससे कस्बे में बिजली का संकट बना रहता है। फिर कई घंटे बाद आपूर्ति शुरू होती है। वजीरगंज कस्बे में भी सुबह कई घंटे बिजली नदारद रही। हतरा रोड पर केबल टूटने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
उधर आसफपुर, फैजगंज बेहटा, ओरछी, दबतोरी इलाके में कई गांवों में आपूर्ति नहीं आई। जिले के पूर्वी इलाकों में भी यही हाल रहा। कहीं सुबह से बिजली नहीं आई तो कहीं बेहद कटौती कर दी गई। इससे लोगों को पेयजल से लेकर कई समस्याओं का सामना करना पड़ा।
-
ट्रांसफॉर्मर और लाइन मरम्मत से ठप रही बिजली
सहसवान। इस समय कोतवाली क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर और लाइन मरम्मत का काम चल रहा है। सुबह से लेकर शाम तक कर्मचारी इस कार्य में लगे रहते हैं, जिससे बिजली व्यवस्था का शेड्यूल बिगड़ा चल रहा है। हालांकि रात को कुछ घंटे आपूर्ति मिल जाती है। बृहस्पतिवार को खराब मौसम की वजह से और ज्यादा व्यवस्था खराब रही। संवाद
झुलसा रोग की चपेट में आलू की फसल।