बदायूं। दिल्ली स्थित निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में हुए कार्यक्रम के दौरान फैले कोरोना वायरस ने सभी की धड़कनों को बढ़ा दिया है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने कहा कि जो भी व्यक्ति बड़े धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं वह चार, पांच और छह अप्रैल को जिला अस्पताल में जांच करा लें। इसके बाद में प्रशासन को चेकिंग के दौरान अगर कोई भी व्यक्ति ऐसा मिला, जो कार्यक्रम में शामिल हुआ है और उसने जांच नहीं कराई है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
देश में कोरोना संक्रमण के सबसे बड़े वाहक तब्लीगी जमात बना है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने दो दिन पहले जिले की सभी मजिस्दों की जांच की कि कहीं कोई बाहरी व्यक्ति तो यहां पर नहीं रहा है। इस दौरान सहसवान में 38 लोग मिले जिन्हें क्वारंटीन कर दिया है। इसको देखते हुए डीएम कुमार प्रशांत ने यह स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो भी लोग 12 मार्च के बाद देश या विदेश के किसी भी शहर में हुए बड़े धार्मिक कार्यक्रम मजलिस, पब्लिक जमात, मरकज, जियारत, सत्संग आदि में शामिल होकर आए है वे चार, पांच और छह अप्रैल को जिला अस्पताल में पहुंचकर अपनी जांच करा लें। इसके बाद ऐसे लोगों की जानकारी मिलने पर कि वह इन कार्यक्रमों में शामिल हुआ है उसके बाद भी अपनी जांच नहीं कराई और उनके माध्यम से संक्रामण फैला तो उनके और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ लोगों की जान खतरे में डालने की आईपीसी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।