बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव की कार की टक्कर लगने के बाद बाइक सवार अधिवक्ता की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और नंबर प्लेट के आधार पर सपा जिलाध्यक्ष की कार को चिह्नित किया। अब कार के चालक के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव दहेमी निवासी अधिवक्ता राकेश कुमार, मई में सहसवान कस्बे से बाइक से बदायूं लौट रहे थे। वह हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। उस समय लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार चल रहा था। हादसे के दिन सहसवान इलाके में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की चुनावी जनसभा थी।
सपा के जिलाध्यक्ष आशीष यादव अपने समर्थकों के साथ उसी जनसभा से घर लौट रहे थे। तभी मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कौल्हाई के नजदीक पेट्रोल पंप के सामने सपा जिलाध्यक्ष की कार ने अधिवक्ता को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अधिवक्ता उछलकर काफी दूर जा गिरा था जबकि कार सवार लोग मौके से भाग गए थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधिवक्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रही थी कि रास्ते में उनकी मौत हो गई थी।
हादसे के बाद पुलिस को मौके पर कार की नंबर प्लेट पड़ी मिली थी। वह कार सपा के जिलाध्यक्ष आशीष यादव के नाम थी। बाद में पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकलवाई थी, जिसमें पूरा हादसा कैद हो गया था। मामले की छानबीन के दौरान पता चला की कार जिलाध्यक्ष का चालक राजेंद्र चला रहा था। वह कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव लभारी का रहने वाला है। पुलिस ने हादसे की विवेचना करते हुए सीसीटीवी फुटेज और नंबर प्लेट के अलावा गवाहों के आधार पर मामले में चालक के खिलाफ चार्जशीट दायर की है।
मुजरिया एसओ मुजरिया आरती कौशिक ने बताया कि चालक लापरवाही से कार चला रहा था। वह कार चुनाव प्रचार में लगी थी। इसकी प्रशासन से अनुमति ली गई थी। सभी साक्ष्यों के आधार पर चालक के खिलाफ चार्जशीट लगाई गई है।