बदायूं। महिला सिपाही और मुंशी गुलाब सिंह के बीच पहले हाथापाई, फिर छेड़छाड़ और उसके बाद मामला आत्मदाह की कोशिश तक पहुंचने से एक बात तो साफ होने लगी है कि उझानी कोतवाली में सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा था। विभागीय अधिकारियों के संज्ञान में भी काफी हद तक हकीकत पहुंच चुकी है। दो साल पहले तो यहां गोलियों की आवाज भी सुनाई दी थी। तब एसएसआई रामऔतार सिंह को गोली मारने के बाद सिपाही ललित कुमार ने खुद को घायल कर लिया था।
आत्मदाह की कोशिश करने वाली महिला सिपाही की बातों पर गौर करें तो कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी जरूरत पर छुट्टी नहीं मिल पाई। हाथापाई के दौरान उसने साफ कहा था कि और भी महिला सिपाही हैं, जिन्हें छुट्टी पर नहीं भेजा गया, जबकि कुछ को तो बिना छुट्टी के ही भेज दिया जाता है। उसका इशारा एक ऐसी पुलिसकर्मी की ओर था, जिससे उसके संबंध कभी सामान्य नहीं रहे थे।
उस दूसरी महिला पुलिसकर्मी और इस पुलिसकर्मी का स्थानीय स्तर की विभागीय शिकायत के बाद ही 18 सितंबर को तबादला हुआ था। इस महीने दो बार उनके बीच खींचतान हो चुकी थी। एक बार इंस्पेक्टर को भी हस्तक्षेप करना पड़ा था। छुट्टी को लेकर कोई भी पुलिस कर्मी फिलहाल मुंह खोलने को तैयार नहीं है।
दो साल पहले भी पांच सितंबर को छुट्टी को लेकर विवाद बढ़ा तो सिपाही ललित कुमार ने एसएसआई रामऔतार सिंह को कार्यालय परिसर में ही गोली मार दी थी। उसी दौरान सिपाही ने खुद को भी गोली मारकर घायल कर लिया था। एसएसआई अभी भी पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो पाए हैं। सिपाही ललित बर्खास्त हो चुका है। आत्मदाह की कोशिश करने वाली महिला सिपाही उस घटना की चश्मदीद रही है।
तीन दिन से महिला सिपाही के कमरे पर रुका था बर्खास्त सिपाही
इस आत्मदाह की कोशिश के मामले में एक यह भी चर्चा है कि दो साल पहले कोतवाली में गोली चला चुका बर्खास्त सिपाही पिछले तीन दिन से महिला सिपाही के कमरे पर रुका था। कोतवाली पुलिस की ओर से अधिकारियों को यह भी सूचना दी गई है। इससे पहले महिला सिपाही बरेली में अधिकारियों के सामने पेश हुई थी। वहां भी बर्खास्त सिपाही के साथ जाने की चर्चा है।
महिला सिपाही के खिलाफ भी हो सकती है कार्रवाई
उझानी कोतवाली में हाथापाई का मामला दोनों ओर से बताया जा रहा है। अधिकारियों के सामने यह बात पहुंची है कि पहले महिला सिपाही ने ही थप्पड़ मारा था। इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंच गए थे। इसी दौरान मुंशी गुलाब सिंह ने भी उसको दो थप्पड़ लगाए। प्राथमिक कार्रवाई के रूप में दोनों को लाइनहाजिर किया जा चुका है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आत्मदाह की कोशिश करने और मुंशी को थप्पड़ मारने के मामले में महिला सिपाही पर भी कार्रवाई हो सकती है।