- काफी दूर तक कार को घसीटता ले गया ट्रैक्टर चालक, फंसे रहे थे शव
- पुलिसकर्मियों ने रुकवाया ट्रैक्टर, क्रेन मंगवाकर बाहर निकाली गई क्षतिग्रस्त कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली (बदायूं)। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में गन्ना लेकर जा रही ट्रॉली में कार घुसने से उसमें बैठे युवक, उसकी पत्नी और डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक का साला गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक काफी दूर तक कार को घसीटते हुए ले गया। यूपी 112 पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कार को घसीटते देखा तो पीछा कर ट्रैक्टर को रुकवाया। इसके बाद क्रेन बुलाकर ट्रॉली में फंसी कार को बाहर निकाला गया। कार के दरवाजे काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
तीन दिन पहले दिल्ली के अंधेरी मोड़ महरोली निवासी 33 वर्षीय शाकिर पुत्र शौकत अपनी 29 वर्षीय पत्नी रोजी, डेढ़ वर्षीय पुत्र इयान को साथ लेकर वजीरगंज के गांव हतरा स्थित अपनी ससुराल आए थे। उनकी सास परवीन की बरसी थी। बुधवार की सुबह करीब पांच बजे वह अपनी पत्नी, बच्चे के साथ ससुराल से दिल्ली के लिए रवाना हुए। उसका साला मोईन पुत्र याकूब भी उनके साथ दिल्ली जा रहा था।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मदनजुड़ी के पास उनकी कार के सामने गन्ना लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने अचानक ब्रेक मार दिए। इससे तेज रफ्तार चल रही कार ट्रॉली में जा घुसी। बावजूद इसके ट्रैक्टर चालक ने ट्रॉली रोकने के बजाए उसे दौड़ाना शुरू कर दिया। कार ट्रॉली में ही फंसी रही। कार में सवार शाकिर, उनकी आठ माह की गर्भवती पत्नी रोजी, बेटे इयान की मौत हो गई। उधर, मोईन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा। इस संबंध में बिसौली एसएचओ संजीव कुमार शुक्ला का कहना है कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। फिलहाल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है।
(22 बीडीएन-21)मृतक शाकिर का फाइल फोटो।
(22 बीडीएन-21)मृतक शाकिर का फाइल फोटो।