उझानी। मुख्य बाजार में रविवार शाम बेकाबू कार एक क्लीनिक के स्लैब से टकरा गई। हादसे में कंपाउंडर लहूलुहान हो गए।
हादसा मुख्य बाजार में हलवाई चौक मोड़ के पास शाम करीब छह बजे हुआ। बाजार से होकर निकली कार का चालक अचानक ही नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बेकाबू कार क्लीनिक के स्लैब से टकरा गई। स्लैब पर बैठे क्लीनिक के कंपाउंडर अरविंद शर्मा (59) के दोनों पैर लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद चालक कार मौके पर ही छोड़कर भाग गया। दुकानदारों ने दौड़कर चालक को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। सूचना के बाद पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने घायल कंपाउंडर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया। कार पुलिस ने कब्जे में ले ली है। संवाद