- सहसवान कोतवाली की चौकी नंबर चार के पास हुआ हादसा
- कोतवाली क्षेत्र में मजदूरों को लेकर पंजाब जा रही थी पिकअप
संवाद न्यूज एजेंसी
सहसवान। कोतवाली क्षेत्र में मजदूरों को लेकर पंजाब जा रही पिकअप को कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भेजा गया, जहां से सात घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शुक्रवार की शाम करीब छह बजे अलग-अलग स्थानों से पिकअप में सवार होकर मजदूर पंजाब के जिला होशियारपुर जा रहे थे। उनके साथ बच्चे और महिलाएं भी थीं। इसी दौरान सहसवान से दिल्ली हाईवे पर सहसवान कोतवाली की चौकी नंबर चार के सामने पीछे से आ रहे कैंटर ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि पिकअप पलट गई।
हादसे में पिकअप में बैठे बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पपगांव निवासी 35 वर्षीय रमेश पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी वर्षा देवी, चार वर्षीय पुत्र शिवम घायल हो गए। इनके अलावा उझानी के मोहल्ला गद्दीटोला निवासी उर्मिला पत्नी नन्हे लाल, नन्हे लाल का 11 वर्षीय पुत्र करन, तीन वर्षीय आर्यन, संजीव पुत्र राजीव, नूरबानो पत्नी इलियास, इलियास का 10 वर्षीय पुत्र भूरा, छह वर्षीय अरमान निवासी गांव कुआंडांडा थाना मुजरिया, नेम सिंह पुत्र मंगली राम, उर्वशी पत्नी रक्षपाल गांव अजनावर थाना बिसौली निवासी रामजीत पुत्र मोहनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची जहां से सात घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने कैंटर को पकड़कर थाने में खड़ा कराया है।
12बीडीएन25-सहसवान मौके पर पहुची पुलिस।संवाद