बदायूं। परिवहन निगम के अधिकारियों ने अयोध्या जाने वाली बसों का रूट बढ़ा दिया है। बदायूं से रोजाना सुबह नौ बजे बस अयोध्या के लिए रवाना होगी। वहां से अगले दिन रात आठ बजे लौटकर दिल्ली जाएगी। बदायूं से अयोध्या का किराया 550 रुपये रखा गया है।
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद आठ फरवरी से बदायूं डिपो की दो बसें अयोध्या के लिए चलाई जा रही हैं, लेकिन पर्याप्त यात्री न मिलने से बसें घाटे में चल रहीं हैं। इस पर परिवहन निगम के अधिकारियों ने दोनों बसों का रूट बढ़ा दिया है। अब ये बसें बदायूं से चलकर पहले अयोध्या जाएंगी, वहां से अगले दिन लौटने पर दिल्ली जाएंगी।
रोजाना सुबह नौ बजे बदायूं से अयोध्या के लिए बस रवाना होगी, जो रात करीब आठ बजे अयोध्या पहुंचेगी। रात्रि ठहराव के बाद सुबह नौ बजे अयोध्या से बदायूं के लिए रवाना होगी। रात करीब आठ बजे बदायूं बस स्टैंड पहुंचने के बाद बस दूसरे चालक और परिचालक के हवाले कर दी जाएगी। इसके बाद वे बस को लेकर दिल्ली रवाना होंगे। अगले दिन सुबह बस बदायूं लौटकर अपने निर्धारित समय पर अयोध्या जाएगी।
-
- बसें अयोध्या से लौटकर दिल्ली जाएंगी। जब वहां से लौटकर आएंगी तो अयोध्या भेज दी जाएंगी। बदायूं से अयोध्या की दूरी 422 किलोमीटर है। 10-11 घंटे का सफर रहेगा। किराया 550 रुपये है। - धणेंद्र कुमार चौबे, एआरएम परिवहन निगम