रोडवेज बस स्टैंड के पास खड़ी बाहर के डिपो की बसें। संवाद
बदायूं। दिल्ली से आने वाली बसाें को बहेड़ी मोड़ पर रुकना था, लेकिन बसें बाइपास से घूमकर दिन में भी नवादा होते हुए अड्डे तक पहुंच रहीं हैं। बस अड्डे पर दूसरे डिपो की बसों की वजह से जाम लग रहा है।
शहर में बाहरी डिपो की बसों के सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक शहर के अंदर होते हुए रोडवेज स्टैंड आने पर रोक है। बावजूद इसके बाहरी डिपो की बसें दिन में भी स्टैंड पर पहुंच रहीं हैं, जिससे जाम लग रहा है। यह डिपो की बसों की भांति ही बाइपास से होकर यहां पहुंच रहीं हैं।
रोडवेज बस स्टैैंड के आसपास फिर से बाहरी डिपो की बसों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है, जिससे आम राहगीरों की मुसीबत बढ़ गई है। यहां दोबारा से रोडवेज व प्राइवेट बसें खड़ी होने लगी हैं। रोडवेज से सटा वाटर वर्क्स रोड दिनभर डग्गामार वाहनों के कब्जे में रहता है। इसके अलावा दूसरे डिपो की बस आकर सड़क पर खड़ी हो जाती हैं, इससे वहां जाम लगता है। यातायात पुलिस भी इन्हें नहीं रोक पा रही। ऐसे में बहेड़ी से बसों का संचालन न होकर एक बार फिर रोडवेज स्टैंड से ही शुरू हो गया है। अगर ऐसा ही रहा तो जाम से निजात नहीं मिल सकेगी।
बाइपास से बसों के आने-जाने पर कोई रोक नहीं है। सड़क पर खड़े होकर सवारियां लेने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। - अजय कुमार, एआरएम