बदायूं। डीएम दीपा रंजन के निर्देशन में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने एआरटीओ कार्यालय के बाहर संयुक्त रूप से छापा मारा। इस दौरान एक कार में दलालों का दफ्तर चलता मिला। कार से लैपटॉप, प्रिंटर समेत तमाम दस्तावेज बरामद किए हैं। मौके से 14 दलाल पकड़े गए हैं, जबकि पांच कार समेत काफी सामान बरामद हुआ। तमाम दलाल अपनी दुकानें बंद करके भाग गए। शाम तक अधिकारियों ने 30 दुकानों को सील कर दिया।
मंगलवार दोपहर में एआरटीओ कार्यालय के बाहर काफी भीड़ थी। तमाम दलाल अपने में व्यस्त थे। तभी अचानक सीओ सिटी आलोक मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार सिंह, सिविल लाइंस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, कोतवाली इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान और शेखूपुर चौकी इंचार्ज प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। अचानक चेकिंग शुरू कर दी गई। कुछ पुलिसकर्मियों ने दुकानों में जमे दलालों को घेरना शुरू किया। कार्रवाई से दलालों में अफरातफरी मच गई। तमाम दलाल अपनी दुकानों के शटर गिराकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने दौड़ाकर 14 दलालों को गिरफ्तार किया है।
वाहनों की तलाशी के दौरान एक कार ऐसी पकड़ी गईं, जिनमें लैपटॉप, प्रिंटर और तमाम दस्तावेज रखे हुए थे। कार में पंखे तक लगे थे। यहीं से दलाली का धंधा चल रहा था। यहां चार कारें और भी खड़ी थीं। इन कारों समेत कुर्सियां आदि सामान भी कब्जे में ले लिया है। सभी कारें शेखूपुर पुलिस चौकी ले जाकर खड़ी कर दी गई हैं, जबकि दलालों को सिविल लाइंस थाने ले जाकर कार्रवाई की जा रही है। शाम को 30 दुकानों को सील कर दिया गया।
एआरटीओ प्रशासन ने दलालों पर कार्रवाई को लिखा था पत्र
चार माह पहले एआरटीओ कार्यालय में एक फर्जीवाड़ा पकड़ा गया था। बाबू मनोज कुमार गौतम ने एक मृत व्यक्ति के नाम की बाइक उसको कार्यालय में उपस्थित दिखाकर उसके भाई के नाम ट्रांसफर कर दी थी। इस पर मनोज को निलंबित कर दिया था। जब यह मामला ज्यादा उछला तो एआरटीओ प्रशासन आरबी गुप्ता ने डीएम को दलालों पर कार्रवाई के लिए एक पत्र लिखा था। कुछ दिन पहले एक दलाल ने कार्यालय के बाबू को ईंट मार दी थी। तभी से पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी बड़ी कार्रवाई की तैयारी में थे।
शुक्रवार या शनिवार को होनी थी कार्रवाई
सीओ सिटी आलोक मिश्रा के मुताबिक दलालों पर कार्रवाई बीते शुक्रवार या शनिवार को होनी थी। इसके लिए चौकी पुलिस को पहले भेजा गया था, लेकिन यहां ज्यादा भीड़ नहीं थी। इससे उस दिन छापा नहीं मारा गया। मंगलवार को ज्यादा भीड़ की सूचना पर यह कार्रवाई की गई और इसमें बड़ी सफलता भी मिली।
उच्चाधिकारियों के आदेश पर एआरटीओ कार्यालय के बाहर छापा मारा गया है। यहां से अब तक 14 दलाल गिरफ्तार किए गए हैं और पांच कार बरामद हुई हैं। कार से लैपटॉप, प्रिंटर आदि भी बरामद हुआ है। सभी दलालों पर कार्रवाई की जा रही है। -आलोक मिश्रा, सीओ सिटी
एआरटीओ कार्यालय के बाहर लंबे समय से दलालों की सूचना मिल रही थी। अब संयुक्त रूप से कार्रवाई गई है। पकड़े गए दलालों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उनके वाहन सीज किए जाएंगे। कार्यालय के बाहर स्थित दलालों की दुकानों को सील करा दिया गया है। -ब्रजेश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट
एआरटीओ कार्यालय के बाहर कार्रवाई के दौरान मौजूद सीओ सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, एआरटीओ प्रशासन और इंस?- फोटो : BADAUN
एआरटीओ कार्यालय के बाहर पकड़े गए दलालों को पकड़कर ले जाती पुलिस। संवाद- फोटो : BADAUN