जरीफनगर के गांव कुंवरपुर चांदन में बालक की मौत के बाद विलाप करते परिजन। संवाद
दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर चांदन में सोमवार शाम 10 वर्षीय बालक पवन की तालाब में डूबकर मौत हो गई। वह अपनी बड़ी बहन के साथ खेतों में भैंस चराने गया था। कुछ देर के लिए उसकी बहन दूसरे खेत में चली गई। तभी बालक कपड़े उतारकर तालाब में घुस गया और उसकी पानी में डूबकर मौत हो गई। परिवार वाले उसका शव घर ले गए हैं। सूचना थाना पुलिस को दे दी है।
गांव के नन्हे का पुत्र पवन सोमवार दोपहर 15 वर्षीय बहन सीमा के साथ खेतों में भैंस चराने गया था। परिजनों के मुताबिक शाम करीब चार बजे भाई-बहन गांव से कुछ दूर तालाब किनारे भैंस चरा रहे थे। तभी सीमा पवन को छोड़कर दूसरे खेत में चली गई। पवन कपड़े उतारकर तालाब में नहाने घुस गया।
हालांकि तालाब ज्यादा गहरा नहीं है, लेकिन पैर फिसलने से पवन खुद को नहीं संभाल सका और पानी में डूब गया। सीमा लौटकर आई तो उसने भाई को लापता देखा और उसके कपड़े तालाब किनारे पड़े देखे। इससे वो भी तालाब में घुस गई। उसने भाई को तो बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिवार वालों समेत गांव के तमाम लोग वहां पहुंच गए। शव को घर ले गए।