बदायूं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी विजय पताका फहराएगी। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे चुनाव से पहले संगठन को बूथ पर मजबूत करे और बूथ समिति व पन्ना प्रमुख के ढांचे को सक्रिय करें।
भाजपा ब्रज क्षेत्र में 112 नगर निकाय हैं, जहां पर आने वाले समय में चुनाव होना है। इसको लेकर मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी ने मंगलवार को सभी नगर निकायों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और बूथ समिति व पन्ना प्रमुख को सक्रिय करने के निर्देश दिए। कहा कि कार्यकर्ता सात से 12 नवंबर तक घर-घर जनसंपर्क करें और मोदी, योगी सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों का पत्रक बाटें। 22 से 25 अक्तूबर के बीच प्रत्येक नगर पालिका व पंचायत पर दिवाली मेला लगाया जाए।
इसके बाद भी निर्धारित कार्यक्रम जारी रखें। क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि पार्टी ने निकाय चुनाव के लिए रणनीति तय कर दी है। सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भी निकाय चुनाव को लेकर पूरे मनोयोग से जुट जाएं। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी देवेंद्र सिंह, प्रदेश मंत्री पूनम बजाज, प्रदेश मंत्री डीपी भारती, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, मधु शर्मा, ऋषिपाल सिंह, गौरव आर्य आदि रहे। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री/ क्षेत्रीय संयोजक स्थानीय निकाय चुनाव राकेश मिश्रा ने किया।
मोबाइल में व्यस्त रहे तमाम पदाधिकारी
शहर के एक लॉन में हुई बैठक में जहां प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर अधिकांश पदाधिकारी उनकी बातों पर ध्यान न देकर मोबाइल में व्यस्त दिखाई दिए।
भाजपा की बैठक को संबोधित करते प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी। संवाद- फोटो : BADAUN