बदायूं। उघैती क्षेत्र में एक सांड़ को पीटकर अधमरा करने के मामले में एफआईआर दर्ज कराने के बाद पशु मित्र विकेंद्र शर्मा को मोबाइल फोन पर धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। खुद को भाजपा नेता बताकर उन्हें कई बार कॉल कर धमकी दे चुका है। उन पर भाजपा कार्यालय आने का दबाव बनाया गया और गाली-गलौज भी की गई। विकेंद्र ने मुख्यमंत्री से शिकायत करने को कहा है।
20 सितंबर को उघैती थाना क्षेत्र के गांव खंडुआ में एक सांड़ को लाठी-डंडे के प्रहार से अधमरा कर दिया गया था। आरोपी उसे बैलगाड़ी में लादकर दूर फेंकने ले जा रहे थे। तभी कुछ गोसेवकों ने उन्हें रोककर सवाल-जवाब शुरू कर दिए। बाद में आरोपी बैलगाड़ी छोड़कर मौके से भाग गए थे। पशुमित्र विकेंद्र शर्मा ने खंडु़आ निवासी विनीत पाठक, रिंकू, नन्हे और गजेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
उसके बाद से विकेंद्र शर्मा के मोबाइल पर लगातार धमकी भरी कॉल आ रहीं हैं। कॉल करने वाले खुद को भाजपा नेता बता रहे हैं। एक व्यक्ति ने खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष से कह देना कि मंडल अध्यक्ष ने फोन किया था। अगर वह जिलाध्यक्ष हैं तो मैं भी खंडुआ का मिनी अध्यक्ष हूं। जो एफआईआर कराई है, उसमें विनीत शर्मा का नाम हटवाना है। तुम भाजपा कार्यालय आकर मिलो। विकेंद्र शर्मा ने बताया कि अब तक उनके पास कई कॉल आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजेंगे।