फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: सहसवान व गुन्नौर में सपा की किलेबंदी तोड़ने में जुटी भाजपा, अखिलेश ने खुद संभाला मोर्चा

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। सहसवान और गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में यादव मुस्लिम गठजोड़ की बदौलत सपा मजबूत रही है। गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के बबराला में शुक्रवार को सपा के परंपरागत यादव मतों में सेंधमारी करने के लिए भाजपा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को लेकर पहुंची। सभा में मोहन यादव के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ भी पहुंचे। दोनों नेताओं ने सपा पर सियासी वार किए। मोहन यादव ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर यादवों की अनदेखी और परिवार की राजनीति करने का आरोप लगाकर प्रहार किए।
विज्ञापन

सहसवान और गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा हारी थी। अगर बिल्सी, बिसौली और सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा लीड हासिल नहीं करती तो मामूली अंतर से संघमित्रा मौर्य जीत नहीं पातीं। वह 18,454 मतों के अंतर से जीती थीं। भाजपा ने सबक लेकर यादव मतों में बंटवारे की मंशा से सपा से जुड़े कई पूर्व व वर्तमान ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भाजपा में शामिल किया है।
यादव बहुल गुन्नौर क्षेत्र के बबराला में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की चुनावी सभा ने यादव मतों को आकर्षित किया है। मोहन यादव ने सपा पर परिवारवाद का आरोप मढ़ा तो यूपी के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा को घेरा। भाजपा की सियासी चुनौती को देखते हुए परिवार की परंपरागत सीट पर सपा के महासचिव शिवपाल यादव और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खुद मोर्चा संभाला है।
विज्ञापन

सहसवान व गुन्नौर के असरदार यादवों को सक्रिय किया गया हैै। परिवारवाद पर खुद अखिलेश यादव ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कहते हैं कि सपा से सिर्फ परिवार के लोग लड़ रहे हैं। यदि भाजपा को बुरा लगता है तो वह संकल्प लें कि किसी परिवार वाले को नहीं लड़ाएंगे, किसी परिवार वाले से वोट नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि हम पीडीए परिवार से लड़ रहे हैं। हमारा परिवार संघर्ष करने वालों का परिवार है। वहीं मुस्लिम मतों के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व बदायूं से पांच बार सांसद रहे सलीम इकबाल शेरवानी को लगाया है।

विधानसभावार 2019 में यह रही थी स्थिति
भाजपा सपा कांग्रेस

गुन्नौर 96531 106159 5099

बिसौली 111686 106485 6711

सहसवान 95093 109873 21198

बिल्सी 103191 79751 9190

बदायूं 103842 89691 9698

(बदायूं लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों में गुन्नौर व सहसवान में सपा जीती थी। बिसौली, बिल्सी और बदायूं में भाजपा विजेता रही थी, इन्हीं परिणामों के आधार पर दोनों दल एक दूसरे के मतों में सेंधमारी के लिए जुटे हैं )

सपा ने दी बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे को धार
भाजपा के परंपरागत मतों में सेंधमारी के लिए सपा ने रोजगार और महंगाई के मुद्दों को धार दी है। सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को बदायूं में आयोजित चुनावी सभा में खाद की महंगाई और युवाओं के लिए नौकरी पर छाए संकट, पर्चे लीक होने और अग्निवीर की भर्ती से मात्र चार साल रोजगार मिलने के सवाल छेड़े। साथ ही वायदा कि अगर सपा सत्ता में आई तो सेना से लेकर पुलिस तक पक्की नौकरी मिलेगी। साथ ही महंगाई भी थमेगी। सपा के क्षेत्रीय नेता भी इन्हीं मुद्दों पर मतदाताओं को जोड़ रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें